इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र स्थित भूरी टेकरी की एक मल्टी में शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अपने परिचित युवक से मिलने उसके फ्लैट पर पहुंच गई। मुलाकात का यह मामला देखते ही देखते बड़े विवाद में बदल गया और पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
परिवार के लोगों का आरोप है कि युवती ने घर में मौजूद महिला के साथ मारपीट की, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और जान से मारने की धमकी भी दी। विवाद इतना बढ़ गया कि युवती ने खुद को फ्लैट के एक कमरे में बंद कर लिया, जिसके बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, वह अपने पिता के साथ बाजार गई हुई थी। इसी दौरान उसके भाई का फोन आया और उसने तत्काल घर लौटने को कहा। घर पहुंचने पर परिवार ने विवाद की जानकारी पुलिस को दी।
मामले की शिकायत कनाड़िया थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने युवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस घटना से जुड़े सभी पक्षों के बयान लेकर यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर विवाद की असली वजह क्या थी और उस रात फ्लैट के भीतर क्या हुआ था।







