जबलपुर, शहडोल, सागर और रीवा समेत मध्य प्रदेश के 21 जिलों में शनिवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के पूर्वी हिस्से में स्ट्रॉन्ग सिस्टम सक्रिय है, जिसके चलते अगले 24 घंटे में कई इलाकों में 4 से 8 इंच तक बारिश होने का अनुमान है। अगले चार दिनों तक जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में इस सिस्टम का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने नर्मदापुरम, छतरपुर और उमरिया में अति भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं जबलपुर, सागर, रायसेन, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, कटनी, पन्ना, टीकमगढ़, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
लगातार हो रही बारिश का असर अब जलाशयों और नदी-नालों पर भी दिखाई देने लगा है। खरगोन के गोगांवा में लगातार बारिश के बाद साटक जलाशय ओवरफ्लो हो गया। करीब 18.38 मिलियन क्यूबिक मीटर क्षमता वाला यह जलाशय स्पिल-वे के ऊपर से बहने लगा। दो साल बाद जलाशय में ऐसी स्थिति बनी है।
मौसम विभाग ने बारिश के दौरान लोगों से सावधानी बरतने और नदी-नालों तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। आने वाले चार दिन मध्य प्रदेश के लिए बारिश के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।






