मैहर जिले में सोमवार को एक चलती बस में महिला यात्री के साथ अश्लील हरकत का गंभीर मामला सामने आया है। सतना से रामनगर जा रही बस में सफर कर रही पीड़िता ने साहस और समझदारी का परिचय देते हुए आरोपी की हरकतों को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सबूत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान अमरपाटन पीजी कॉलेज में पदस्थ असिस्टेंट प्रोफेसर आलोक सिन्हा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, महिला सतना से बस में सवार हुई थी। यात्रा के दौरान भटनवारा के पास उसके बगल की सीट खाली हुई, जिस पर आरोपी आकर बैठ गया। शुरुआत में उसने बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में उसकी नीयत बदल गई और वह अश्लील हरकतें करने लगा। महिला ने बिना घबराए पूरी घटना को अपने फोन में रिकॉर्ड किया और बस के अमरपाटन पहुंचते ही सीधे थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई।
समझौते का दबाव और धमकी देकर फरार हुआ आरोपी
घटना के बाद आरोपी ने पहले महिला पर समझौते का दबाव बनाया, लेकिन जब वह इसके लिए तैयार नहीं हुई तो उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।
इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पीड़िता की हिम्मत और जागरूकता ने यह साबित कर दिया कि ऐसे मामलों में चुप रहने के बजाय आवाज उठाना कितना जरूरी है।







