उत्तर प्रदेश की सियासत और यादव परिवार से आज एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का आज सुबह लखनऊ में निधन हो गया है। मात्र 38 वर्ष की आयु में उनके आकस्मिक निधन ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, आज सुबह करीब 6 बजे प्रतीक यादव की तबीयत बिगड़ने पर उनके साले अमन सिंह बिष्ट उन्हें आनन-फानन में लखनऊ के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर हो चुकी थी। सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. डीसी पांडेय ने पुष्टि की है कि जब प्रतीक को अस्पताल लाया गया, तब उनकी पल्स नहीं चल रही थी और हृदय गति रुक चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल मृत घोषित कर दिया।
इस दुखद घड़ी में प्रतीक यादव की पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव लखनऊ में मौजूद नहीं थीं। वे एक कार्यक्रम के सिलसिले में असम में थीं, जहां से सूचना मिलते ही वे लखनऊ के लिए रवाना हो गई हैं। वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव स्वयं किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) पहुंचे, जहां प्रतीक का पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मीडिया से संक्षिप्त चर्चा में अखिलेश यादव भावुक नजर आए। उन्होंने इसे परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि यह बेहद दुखद है कि प्रतीक आज हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत के कारणों और आगे की प्रक्रिया को लेकर परिवार और कानून के निर्देशों का पालन किया जाएगा।
फिलहाल मौत के सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। प्रतीक यादव का पार्थिव शरीर उनके निवास स्थान पर ले जाया जा रहा है, जहां अंतिम दर्शन के लिए शुभचिंतकों का तांता लगा हुआ है।







