केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी CBSE ने बुधवार को 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया। रिजल्ट जारी होते ही देशभर के लाखों छात्रों का इंतजार खत्म हो गया। मध्य प्रदेश के 80 हजार 454 विद्यार्थियों समेत भोपाल के 9 हजार 399 छात्रों ने भी अपना परिणाम देखा।
इस बार भोपाल रीजन का प्रदर्शन उम्मीद से कमजोर रहा। भोपाल रीजन में कुल 79.43 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए, जबकि देशभर का औसत पास प्रतिशत 85.20 दर्ज किया गया। यानी भोपाल रीजन राष्ट्रीय औसत से 5.77 प्रतिशत पीछे रहा। इतना ही नहीं, भोपाल का प्रदर्शन रायपुर, लखनऊ और रांची जैसे कई रीजन से भी कमजोर रहा।
पिछले साल से गिरा रिजल्ट, तिरुवनंतपुरम सबसे आगे
देशभर में इस वर्ष CBSE 12वीं बोर्ड का कुल पास प्रतिशत 85.20 रहा। पिछले साल यह आंकड़ा 88.39 प्रतिशत था, यानी इस बार रिजल्ट में 3.19 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
क्षेत्रवार प्रदर्शन की बात करें तो तिरुवनंतपुरम यानी त्रिवेंद्रम रीजन ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया, जहां 95.62 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए। वहीं प्रयागराज सबसे कमजोर रीजन साबित हुआ, जहां केवल 72.43 प्रतिशत छात्र सफल हो सके।
दिल्ली वेस्ट और दिल्ली ईस्ट रीजन ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 91 प्रतिशत से अधिक रिजल्ट दर्ज किया। रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र अब आगे की पढ़ाई और कॉलेज एडमिशन की तैयारियों में जुट गए हैं।







