पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में आज लोकतंत्र का महापर्व पूरे जोश के साथ जारी है। बंगाल में पहले चरण की 152 सीटों पर मतदान हो रहा है, जबकि तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। सुबह 9 बजे तक पश्चिम बंगाल में करीब 19 प्रतिशत और तमिलनाडु में 18 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
सुबह से ही पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जिनमें महिलाओं की भागीदारी खास तौर पर ज्यादा नजर आई। दोनों राज्यों में मतदाताओं का उत्साह साफ दिख रहा है, जो लोकतंत्र के प्रति जागरूकता को दर्शाता है।
मुर्शिदाबाद में हिंसा, मालदा में ईवीएम खराब होने पर हंगामा
मतदान के बीच पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद से हिंसा की खबर सामने आई है, जहां वोटिंग शुरू होने से पहले भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इस दौरान देशी बम फेंके जाने की भी जानकारी मिली है, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
वहीं मालदा जिले के एक मतदान केंद्र पर ईवीएम खराब होने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। नाराज मतदाताओं ने चुनाव अधिकारी को घेर लिया और अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
हालांकि इन घटनाओं के बावजूद दोनों राज्यों में अधिकांश जगहों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।







