दिल्ली का जंतर-मंतर शनिवार को शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ उठी आवाज़ों का बड़ा मंच बन गया। कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP के पहले राष्ट्रीय प्रदर्शन में हजारों समर्थक जुटे और NEET-UG पेपर लीक, CBSE, CUET तथा SSC-GD जैसी परीक्षाओं में सामने आई गड़बड़ियों को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल खड़े किए।
अमेरिका से सुबह दिल्ली पहुंचे पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके सीधे आंदोलन की कमान संभालने पहुंचे। एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय उन्होंने हाथ में डॉ. भीमराव अंबेडकर की किताब उठाकर शिक्षा और समान अवसर के मुद्दे को प्रमुखता से सामने रखा। जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए जोरदार नारेबाजी की।
CJP ने प्रदर्शन को शांतिपूर्ण और अनुशासित बनाए रखने के लिए समर्थकों के लिए विशेष गाइडलाइन भी जारी की। तिरंगा, फूल और किताब के साथ पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग दोहराई। जंतर-मंतर पर जुटी भीड़ ने साफ संदेश दिया कि देश के युवाओं का भविष्य अब सबसे बड़ा राजनीतिक और सामाजिक मुद्दा बन चुका है।







