ब्रिटेन की संसद में एक ऐसा खुलासा हुआ जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। सांसद रूपर्ट लोव ने ग्रूमिंग गैंग कांड पर पीड़ितों की दर्दनाक गवाहियां पढ़ते हुए दावा किया कि वर्षों तक संगठित तरीके से नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण किया गया और व्यवस्था मूकदर्शक बनी रही।
लोव ने संसद को बताया कि जांच के दौरान सामने आई एक पीड़िता की गवाही के अनुसार, 13 से 16 वर्ष की उम्र के बीच उसके साथ 600 से 700 अलग-अलग पुरुषों ने दुष्कर्म किया। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन के कम से कम 85 क्षेत्रों में संगठित बाल यौन शोषण के संकेत मिले हैं, जो इस समस्या की भयावहता को दर्शाते हैं।
संसद में पढ़ी गई गवाहियों में सामूहिक दुष्कर्म, हिंसा, धमकियां और नस्लीय अपमान जैसे गंभीर आरोप शामिल थे। कुछ पीड़िताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें ड्रग्स देकर अपराधियों के हवाले किया जाता था, जबकि विरोध करने पर जान से मारने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकियां दी जाती थीं।
रूपर्ट लोव ने कहा कि अब इन मामलों पर चुप्पी नहीं साधी जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि दशकों से चल रहे इस नेटवर्क की सच्चाई को सामने लाना जरूरी है। संसद में दिए गए उनके इस भाषण के बाद ब्रिटेन में ग्रूमिंग गैंग कांड को लेकर बहस एक बार फिर तेज हो गई है और जवाबदेही की मांग उठने लगी है।







