महंगाई के खिलाफ मध्यप्रदेश में कांग्रेस ने गुरुवार को ऐसा प्रदर्शन किया कि सियासत भी सड़क पर उतर आई। इंदौर से भोपाल तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा।
इंदौर के राजवाड़ा समेत 24 ब्लॉक में प्रदर्शन हुआ। कहीं चूल्हे पर रोटियां बनीं, तो कहीं लोगों को शक्कर और पनीर बांटकर बढ़ती कीमतों पर तंज कसा गया। पोस्टरों में लिखा था— “मोदी तेरा कैसा खेल, सारा शक्कर पी गया तेल!”
वहीं भोपाल में कार्यकर्ताओं ने प्याज की माला पहनकर महंगाई का विरोध जताया। कांग्रेस का आरोप है कि पेट्रोल, गैस सिलेंडर, बिजली, शक्कर और रोजमर्रा की जरूरतों की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है।
अब कांग्रेस का सवाल सीधा है महंगाई इतनी ही नियंत्रित है, तो फिर जनता की थाली और जेब दोनों क्यों खाली हो रही हैं?
प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस ने सरकार को घेरने की कोशिश की है, लेकिन बड़ा सवाल यही है महंगाई के मुद्दे पर जनता का गुस्सा वोट में बदलेगा या ये प्रदर्शन सिर्फ सियासी शोर बनकर रह जाएगा?







