नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी में 17 वर्षीय नाबालिग से कथित गैंगरेप के मामले को लेकर लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आया। बुधवार को पुलिस तीनों आरोपियों को पिपरिया कोर्ट में पेश करने के लिए लेकर जा रही थी, लेकिन इसी दौरान पचमढ़ी में गुस्साई भीड़ ने पुलिस वाहन को रोक लिया।
भीड़ ने आरोपियों को वाहन से नीचे उतारने और उनका जुलूस निकालने की मांग शुरू कर दी। लोगों का कहना था कि नाबालिग के साथ हुई इस गंभीर घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने भीड़ को समझाने और रास्ता खाली कराने की कोशिश की। लेकिन मामला इतना गर्म हो गया कि कुछ लोगों की पुलिस जवानों के साथ बहस और झूमाझटकी तक हो गई। मौके पर काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
भीड़ के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए पुलिस को आरोपियों को वाहन से उतारना पड़ा। इसके बाद थाना पुलिस उन्हें कुछ दूरी तक पैदल लेकर गई। इस दौरान पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की और आरोपियों को सुरक्षित तरीके से कोर्ट तक पहुंचाने की कार्रवाई जारी रखी।
घटना के बाद पचमढ़ी में लोगों के गुस्से और कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। नाबालिग से जुड़े इस गंभीर मामले में अब सभी की नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई और कोर्ट की सुनवाई पर है। लोगों की मांग है कि आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके और ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।







