इंदौर में एक युवती ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने उसे नौकरी दिलाने का झांसा देकर पहले दोस्ती की और फिर विश्वास का फायदा उठाया। युवती के अनुसार, आरोपी ने नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और पूरी घटना का वीडियो बनाकर उसे लंबे समय तक ब्लैकमेल करता रहा।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी उस पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाता था और विरोध करने पर मारपीट करता था। हालांकि फिलहाल पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में ही केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पलासिया थाना पुलिस के मुताबिक, युवती की पहचान साल 2022 में सोशल मीडिया के जरिए आरोपी लकी उर्फ सोहेल पुत्र रईस खान से हुई थी। दोनों की पहली मुलाकात 56 दुकान क्षेत्र में हुई, जहां आरोपी ने उसे नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया।
शिकायत के अनुसार, 20 दिसंबर 2023 को आरोपी तिलक नगर स्थित युवती के घर पहुंचा। उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था। आरोप है कि उसने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर दिया, जिससे युवती अचेत हो गई। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो बना लिया। होश में आने पर आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे अपने साथ रहने के लिए मजबूर किया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।







