...
Home » Uncategorized » इंदौर के ‘मीडिया महारथियों’ पर ईडी का हथौड़ा, दबंग दुनिया की दबंगई कानून के कटघरे में

इंदौर के ‘मीडिया महारथियों’ पर ईडी का हथौड़ा, दबंग दुनिया की दबंगई कानून के कटघरे में

जिस मीडिया समूह की पहचान अब तक रसूख, रौब और रुतबे से की जाती रही, आज वही समूह कानून के सामने बेनकाब खड़ा है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इंदौर के मीडिया जगत पर सीधी और करारी चोट करते हुए दबंग दुनिया समूह के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग निरोधक अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत प्रॉसिक्यूशन कंप्लेंट दाखिल कर दी है।

30 अक्टूबर 2025 को विशेष PMLA कोर्ट, इंदौर में पेश की गई इस शिकायत पर 12 जनवरी 2026 को न्यायालय ने संज्ञान ले लिया, और यहीं से शुरू हो गया है वह अध्याय, जहां “दबंग” शब्द सिर्फ नाम भर रह जाता है।

ईडी की शिकायत में किशोर वाधवानी, नितेश वाधवानी, पूनम वाधवानी और उनकी कंपनी मैसर्स दबंग दुनिया पब्लिकेशंस प्राइवेट लिमिटेड को आरोपी बनाया गया है। वही नाम, वही चेहरा, जिसे कभी प्रभावशाली माना जाता था, अब उसी पर काले धन को सफेद करने और सरकारी राजस्व को चूना लगाने की गंभीर साजिश का आरोप है।

मीडिया की आड़ में मनी लॉन्ड्रिंग का खेल?

ईडी का आरोप है कि यह कोई साधारण लेन-देन नहीं, बल्कि सुनियोजित, जटिल और सोची-समझी साजिश थी। मीडिया व्यवसाय की आड़ में ऐसे वित्तीय रास्ते अपनाए गए, जिनसे अवैध कमाई को वैध दिखाने की कोशिश की गई।

यह पूरा मामला 2021 की एफआईआर से जुड़ा है, जिसमें धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र के आरोप दर्ज हुए थे। उसी एफआईआर ने ईडी की जांच का दरवाजा खोला, और अब वही जांच आरोप पत्र बनकर कोर्ट तक पहुंच चुकी है।

11.33 करोड़ कुर्क, बाजार मूल्य 20 करोड़ से ज्यादा

दबंगई की इमारत पर पहली दरार अगस्त 2025 में पड़ी, जब ईडी ने करीब 11.33 करोड़ की संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क कर लीं। जमीन, फ्लैट और अचल संपत्तियां, जिनका मौजूदा बाजार मूल्य 20 करोड़ से अधिक बताया जा रहा है। अब कोर्ट के संज्ञान लेने के बाद यह कुर्की सिर्फ कार्रवाई नहीं, बल्कि कानूनी शिकंजा बन चुकी है।

अब समन, पूछताछ और गिरफ्तारी?

कानूनी जानकार साफ कहते हैं PMLA कोर्ट द्वारा संज्ञान लिया जाना मज़ाक नहीं होता। अब समन,लंबी पूछताछ, और संपत्तियों की कुर्की, यहां तक कि गिरफ्तारी तक की राह खुल चुकी है। यह मामला अब जांच की फाइलों से निकलकर न्यायिक रणभूमि में उतर चुका है।

दस्तावेज, बैंक ट्रांजैक्शन और गवाह, सब तैयार

सूत्रों के मुताबिक ईडी की शिकायत में बैंकिंग ट्रांजैक्शन, लेन-देन की पूरी चेन, वित्तीय दस्तावेज और गवाहों के बयान शामिल हैं। हर कड़ी, हर दस्तावेज कथित मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क की ओर इशारा करता है। हालांकि एजेंसी ने अभी सारे पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन इतना तय है, खेल बड़ा है और फाइलें भारी हैं।

मीडिया और कारोबार जगत में हड़कंप

इस कार्रवाई ने सिर्फ इंदौर नहीं, पूरे मध्यप्रदेश के मीडिया और कारोबारी गलियारों में भूचाल ला दिया है। जो समूह कल तक सवाल पूछता था, आज खुद सवालों के घेरे में है। फिलहाल आरोपियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ईडी इसे देशभर में चल रहे मनी लॉन्ड्रिंग के खिलाफ निर्णायक अभियान का हिस्सा बता रही है। अब निगाहें अदालत की अगली तारीख पर हैं, जहां तय होगा कि दबंगई का यह अध्याय खत्म होता है या कानून की स्याही से इसकी अंतिम इबारत लिखी जाती है।

 

Share This
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

HUF Registration Services In India
Digital marketing for news publishers

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x
Seraphinite AcceleratorOptimized by Seraphinite Accelerator
Turns on site high speed to be attractive for people and search engines.