बड़वानी जिले के सेंधवा और ग्राम मोहीपुरा में उस समय हलचल मच गई जब लोगों ने जमीन में हल्का कंपन महसूस किया। खासकर मोहीपुरा गांव में कंपन के बाद लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। गांव में अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के क्षेत्रों में इस घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार झटके कुछ सेकंड तक ही महसूस हुए, लेकिन इतने पर्याप्त थे कि लोगों में डर का माहौल बन जाए। सेंधवा के अलग-अलग इलाकों से भी हल्के भूकंप जैसे कंपन की खबरें सामने आई हैं। हालांकि अभी तक किसी प्रकार के नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
प्रशासन सतर्क, रिक्टर स्केल पर 3.4 दर्ज हुई तीव्रता
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। कलेक्टर जयति सिंह ने बताया कि मामले की सूचना प्राप्त हुई है और अधिकारियों को मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
भूकंप मापी केंद्र के अनुसार इस हल्के भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.4 दर्ज की गई है। विशेषज्ञों के मुताबिक इतनी तीव्रता के भूकंप आमतौर पर ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचाते, लेकिन एहतियात के तौर पर सतर्क रहना जरूरी है। फिलहाल जिले में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन लोग अभी भी इस घटना को लेकर सतर्क और चर्चा में लगे हुए हैं।







