मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के विजयनगर थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक निजी कंपनी में काम करने वाली महिला कर्मचारी ने अपने ही मैनेजर पर छेड़छाड़ और धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 30 वर्षीय पीड़िता स्कीम नंबर-74 इलाके में रहती है और एक निजी कंपनी में कार्यरत है। घटना 28 जनवरी 2026 की रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है, जब उसका मैनेजर बिना किसी पूर्व सूचना के उसके घर पहुंच गया। शुरुआत में सामान्य बातचीत के बाद आरोपी ने अचानक महिला के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। पीड़िता के विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी ने उसे धक्का दिया और मौके से फरार हो गया।
शिकायत करने पर दी नौकरी से निकालने की धमकी
घटना के बाद जब पीड़िता ने कंपनी में इसकी शिकायत करने की बात कही, तो आरोपी ने उसे डराने-धमकाने की कोशिश की। पीड़िता का आरोप है कि मैनेजर ने अपने प्रभाव का हवाला देते हुए कहा कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता और अगर उसने शिकायत की तो उसे नौकरी से निकलवा दिया जाएगा।
डरी-सहमी पीड़िता ने बाद में अपने परिचितों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद उसने पुलिस का सहारा लिया। विजयनगर थाना पुलिस ने आरोपी हिमांशु दुबे के खिलाफ छेड़छाड़ सहित अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।







