शहडोल जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में आम तोड़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। गांव की एक महिला के साथ खेत में मारपीट किए जाने का वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला मीना कुशवाहा बुधवार दोपहर अपने पति के साथ खेत पर गई थीं। इसी दौरान खेत में लगे आम के पेड़ से आम तोड़ने की बात को लेकर गांव के कुछ लोगों से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और आरोपियों ने महिला पर हमला कर दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है।







