बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। चेक बाउंस से जुड़े वित्तीय विवाद के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें 2 करोड़ रुपये जमा करने के लिए आखिरी मौका दिया है। अदालत ने साफ कहा है कि यह रकम दो हफ्ते के भीतर सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री में जमा करनी होगी।
मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने की। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने राजपाल यादव के पिछले रवैये को लेकर भी नाराजगी जताई और उन पर भरोसा करने में संदेह जाहिर किया।
CJI सूर्यकांत ने टिप्पणी करते हुए कहा कि राजपाल यादव बॉलीवुड में ड्रामा और एक्टिंग में माहिर हैं और कोर्ट में भी वही कर रहे हैं। अदालत की इस टिप्पणी के बाद सुनवाई का माहौल काफी सख्त नजर आया।
सुप्रीम कोर्ट ने सिर्फ 2 करोड़ रुपये जमा करने का आदेश ही नहीं दिया, बल्कि राजपाल यादव को अपना पासपोर्ट सरेंडर करने का भी निर्देश दिया है। हालांकि, कोर्ट ने फिलहाल उन्हें गिरफ्तारी से मिली राहत को जारी रखा है। यानी अगली सुनवाई तक उनकी गिरफ्तारी पर राहत बरकरार रहेगी, लेकिन उन्हें अदालत की शर्तों का पालन करना होगा।
अब इस मामले में अगली सुनवाई 5 अक्टूबर को होगी। उससे पहले राजपाल यादव को 2 करोड़ रुपये सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री में जमा करने होंगे।
गौर करने वाली बात यह है कि अदालत ने इस बार साफ तौर पर इसे आखिरी मौका बताया है। ऐसे में अगली सुनवाई बेहद अहम मानी जा रही है। अब सबकी नजर इस बात पर होगी कि राजपाल यादव अदालत के आदेश का पालन करते हैं या फिर मामले में आगे कोई नया मोड़ सामने आता है।




