सतना जिले के कलावल गांव में एक युवक की आत्महत्या का मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। 21 वर्षीय मनोज कुशवाहा का आत्महत्या से पहले बनाया गया वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे मामले को चर्चा का विषय बना दिया है।
वीडियो में मनोज अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाता दिखाई दे रहा है। मनोज का कहना है कि उसकी पत्नी संजना कुशवाहा मायके जाने के बाद वापस ससुराल नहीं लौटी। उसने कई बार फोन कर उसे वापस आने के लिए कहा, लेकिन हर बार उसे निराशा ही हाथ लगी।
वीडियो में युवक भावुक होकर यह भी कहता है कि उसे फोन पर “मर जाओ” तक कहा गया, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद आहत हो गया था। इसके बाद उसने 28 मई को गांव के पास एक जामुन के पेड़ पर चढ़कर गले में फंदा लगाने से पहले अपना आखिरी वीडियो रिकॉर्ड किया।
मृतक के परिजनों ने मामले में न्याय की मांग की है और वीडियो को जांच का महत्वपूर्ण आधार बताया है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और वीडियो की सत्यता के साथ आत्महत्या के कारणों की भी पड़ताल कर रही है।
फिलहाल इस दर्दनाक घटना ने परिवार के साथ पूरे गांव को गमगीन कर दिया है, जबकि वीडियो सामने आने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं, जिनके जवाब अब जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।







