इंदौर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने पति और सास के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया है। मर्ग जांच, सुसाइड नोट और गवाहों के बयानों के बाद यह कार्रवाई की गई है।
मामला विजयनगर थाना क्षेत्र का है। न्यू अंजनी नगर में रहने वाली सीमा जैन ने 19 मई को फांसी लगाकर अपनी जान दे दी थी। शुरुआत में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी, लेकिन जांच के दौरान सामने आए तथ्यों ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया।
परिजनों और गवाहों के बयानों के साथ-साथ सीमा द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में कथित तौर पर दहेज को लेकर प्रताड़ना का जिक्र मिला। पुलिस का कहना है कि जांच में यह स्पष्ट हुआ कि सीमा लंबे समय से मानसिक और पारिवारिक दबाव झेल रही थी।
जांच के बाद पुलिस ने पति अमन जैन और सास सपना जैन के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने से जुड़े प्रावधानों में एफआईआर दर्ज की है।
मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के समय ससुराल वालों ने पति की गंभीर बीमारी की जानकारी छिपाई थी। शादी के बाद जब यह बात सामने आई तो दोनों परिवारों के बीच विवाद बढ़ने लगा। इसी विवाद और कथित प्रताड़ना ने सीमा को इतना परेशान कर दिया कि उसने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
एक साल पहले जिस घर में सात फेरे लेकर सीमा ने नई जिंदगी की शुरुआत की थी, वहीं से उसकी मौत की खबर निकली। अब पुलिस की जांच और अदालत की प्रक्रिया तय करेगी कि इस मौत के पीछे आखिर जिम्मेदार कौन है।







