इंदौर के द्वारकापुरी इलाके में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। 25 वर्षीय दीक्षा मकवाना ने गुरुवार को अपने घर में कथित रूप से जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर पति उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, दीक्षा श्रृद्वासबूरी कॉलोनी में अपने पति जीत मकवाना के साथ रहती थी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
मायके पक्ष का आरोप दहेज के लिए प्रताड़ना बनी मौत की वजह
मृतका के पिता राजकुमार, जो देपालपुर क्षेत्र के सगदोड़ गांव के निवासी हैं, ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही दीक्षा को दहेज को लेकर लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार पर आरोप है कि कम दहेज मिलने को लेकर उसे ताने दिए जाते थे और अतिरिक्त मांगें भी की जा रही थीं।
परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि प्रताड़ना के कारण हुई मौत बताया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और आरोपों की सत्यता के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







