देवास जिले में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी और चौंकाने वाली कार्रवाई की है। कन्नौद पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अंतर्राज्यीय स्तर पर सट्टा खाईवाली चलाने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 लाख 10 हजार रुपए नकद, सट्टा रजिस्टर और एक साल का हिसाब-किताब बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
सबसे खास बात यह रही कि पुलिस ने दो दिनों तक जनगणना अधिकारी बनकर इलाके में गुप्त रेकी की। पुलिस टीम घर-घर जाकर गतिविधियों पर नजर रखती रही और पुख्ता जानकारी मिलने के बाद योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। कार्रवाई के दौरान दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि मुख्य सट्टा कारोबारी संदीप को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने कई बड़े खुलासे किए हैं। उसने बताया कि उसका नेटवर्क सिर्फ देवास तक सीमित नहीं था, बल्कि उज्जैन, इंदौर, चापड़ा, राजस्थान के कोटा और नागपुर तक फैला हुआ था। पुलिस अब बैंक खातों, आर्थिक लेनदेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जांच में जुट गई है।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौम्या जैन, एसडीओपी आदित्य तिवारी और थाना प्रभारी तहजीब काजी समेत पूरी टीम की अहम भूमिका रही।







