सागर के बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इस पूरे मामले में अब जांच के दौरान एक और बड़ा खुलासा हुआ है।
गुरुवार को गिरफ्तार किए गए आरोपी चंद्रभान सिंह राजपूत उर्फ चंदू को पुलिस क्राइम स्पॉट पर लेकर पहुंची। पूछताछ के दौरान चंदू ने पुलिस को बताया कि अवैध शराब का कुछ हिस्सा जमीन के अंदर दबाकर रखा गया था, जबकि कुछ शराब को नहर में फेंक दिया गया था।
आरोपी की इसी निशानदेही पर पुलिस ने मौके पर खुदाई शुरू कराई। खुदाई के दौरान जमीन के अंदर से करीब 26 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कीमत करीब 1 लाख 30 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस को मौके से सिर्फ शराब ही नहीं मिली, बल्कि 1128 जले हुए क्वार्टर भी बरामद किए गए हैं। आशंका है कि आरोपियों ने सबूत मिटाने और शराब को नष्ट करने की कोशिश की थी।
जांच में यह भी सामने आया कि शराब को नष्ट करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली और पोकलेन मशीन का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस ने दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया है।
अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। सवाल यह है कि जहरीली शराब आखिर कहां से आई, इसे किन लोगों तक पहुंचाया गया और इसे नष्ट करने की कोशिश क्यों की गई?
बंडा शराब कांड में सामने आ रहे ये नए सबूत मामले को और गंभीर बना रहे हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी चंदू से पूछताछ कर रही है और उसकी निशानदेही पर आगे भी कार्रवाई जारी है।







