चित्रकूट में एक बार फिर मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। सतना मुख्यालय और तराई क्षेत्र में शुक्रवार रात हुई तेज बारिश का असर अब चित्रकूट में साफ दिखाई दे रहा है। शनिवार सुबह तक नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसके बाद घाटों पर सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
मंदाकिनी का पानी बढ़ने से रामघाट समेत चित्रकूट के कई प्रमुख घाटों की सीढ़ियां पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं। सामान्य दिनों में जहां श्रद्धालु नदी के किनारे पूजा-अर्चना और स्नान करते नजर आते हैं, वहीं अब बढ़ते पानी के कारण निचले हिस्सों में जाना जोखिम भरा हो गया है।
जलस्तर में तेजी से हो रही वृद्धि को देखते हुए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश, दोनों राज्यों का प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा के लिहाज से घाटों पर बैरिकेडिंग की गई है और श्रद्धालुओं तथा स्थानीय लोगों को नदी के निचले इलाकों में जाने से रोका जा रहा है।
घाट किनारे कारोबार करने वाले दुकानदारों को भी प्रशासन ने सावधान रहने के निर्देश दिए हैं। दुकानदारों से कहा गया है कि नदी का पानी और बढ़ने की स्थिति में अपने सामान को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दें, ताकि अचानक आने वाले पानी से नुकसान को कम किया जा सके।
प्रशासन की टीमें लगातार मंदाकिनी नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं। बारिश का दौर जारी रहने पर नदी का पानी और बढ़ सकता है, ऐसे में लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और नदी के आसपास अनावश्यक रूप से जाने से बचने की अपील की जा रही है।
फिलहाल चित्रकूट में हालात पर प्रशासन की पैनी नजर है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और किसी भी संभावित जलभराव या बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए दोनों राज्यों की प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह तैयार है।





