उत्तर प्रदेश के कौशांबी से शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार LPG गैस से भरा टैंकर बेकाबू होकर टोल प्लाजा से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ ही सेकंड में जोरदार धमाका हुआ और पूरा टोल प्लाजा आग के विशाल गोले में बदल गया।
हादसा सुबह करीब 7 बजे कोखराज थाना क्षेत्र के सिहोरी टोल प्लाजा पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के तुरंत बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। हादसे में टोल प्लाजा पर मौजूद पांच कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। घायल कर्मचारी सड़क किनारे दर्द से तड़पते रहे, जबकि आसपास मौजूद लोग भीषण आग की वजह से उनकी मदद के लिए पास तक नहीं जा सके।
टैंकर के ड्राइवर और कंडक्टर ने समय रहते वाहन से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और काला धुआं करीब दो किलोमीटर दूर से साफ दिखाई दे रहा था। हादसे के बाद टोल प्लाजा के दोनों ओर बसों, ट्रकों और कारों की लंबी कतारें लग गईं। पूरे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली कराया और यातायात रोक दिया। घायलों को अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
फिलहाल हादसे की वजह की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका है कि तेज रफ्तार के कारण टैंकर अनियंत्रित होकर टोल प्लाजा से टकराया, जिसके बाद यह भीषण हादसा हुआ।







