मध्य प्रदेश के रीवा से रिश्तों में भरोसा टूटने और हाई वोल्टेज ड्रामे की एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को चौंका दिया। शहर के नए बस स्टैंड स्थित एक होटल में पत्नी ने अपने पति को कथित प्रेमिका के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद होटल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। पत्नी ने पति को थप्पड़ मारते हुए होटल से बाहर निकाला और थाने तक ले गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, महिला रानू पांडेय और उसके पति प्रकाश सिंह चौहान, दोनों सीधी जिले के रहने वाले हैं। दोनों ने 3 जुलाई 2025 को कोर्ट मैरिज की थी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्तों में दरार आ गई। बताया जा रहा है कि पति तलाक लेना चाहता है और दूसरी युवती के साथ रहने की बात कह रहा था।
रविवार को पत्नी को उसके एक दोस्त ने सूचना दी कि उसका पति रीवा के पंगत होटल में एक युवती के साथ ठहरा हुआ है। सूचना मिलते ही पत्नी होटल पहुंची और कमरे में पति को दूसरी युवती के साथ देखकर भड़क उठी। इसके बाद होटल में जमकर विवाद और मारपीट हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पत्नी ने पति को कई थप्पड़ मारे और उसे पकड़कर थाने तक ले गई। वहीं होटल में मौजूद युवती पूरे घटनाक्रम के दौरान डरी-सहमी नजर आई। जांच में यह भी सामने आया कि होटल का कमरा आकाश सिंह चौहान के नाम से बुक कराया गया था। इतना ही नहीं, युवती की एंट्री के लिए कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड जमा किया गया था, जिसमें उसका सरनेम भी बदला गया था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। होटल में फर्जी दस्तावेज जमा कराने के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने इस पूरे मामले को चर्चा का विषय बना दिया है।






