मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले से एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। पत्नी से विवाद के बाद उत्तर प्रदेश का एक युवक अपनी पत्नी के मायके पहुंचा और अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना देवतालाव उपतहसील परिसर के पास की है, जहां 29 वर्षीय विकास साकेत मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही लौर थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक से लगातार बातचीत की और करीब चार घंटे की लंबी समझाइश के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
बताया जा रहा है कि विकास साकेत उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले का रहने वाला है और मुंबई के ठाणे में ट्रक चालक के रूप में काम करता है। वर्ष 2023 में उसकी पहचान सोशल मीडिया के जरिए लौर थाना क्षेत्र की रहने वाली काजल कोल से हुई थी। दोनों की दोस्ती प्यार में बदली और 2024 में दोनों ने मुंबई में शादी कर ली।
हालांकि शादी के कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। इसी विवाद के चलते पत्नी अपने मायके आ गई। पत्नी को मनाने के लिए विकास भी मऊगंज पहुंचा, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद उसने गुस्से और भावनात्मक तनाव में आकर मोबाइल टावर पर चढ़ने जैसा खतरनाक कदम उठा लिया।
पुलिस अधिकारियों ने धैर्य और सूझबूझ से काम लेते हुए युवक को समझाया और आखिरकार उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। एक पारिवारिक विवाद किस तरह जानलेवा मोड़ ले सकता है, यह घटना उसकी बड़ी मिसाल है। समय रहते पुलिस की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।







