भारतीय क्रिकेट में एक नया सितारा तेजी से उभर रहा है। महज 15 साल 71 दिन की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने वह मुकाम हासिल कर लिया है, जिसका सपना लाखों युवा क्रिकेटर देखते हैं। आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के साथ-साथ एशियन गेम्स के लिए टीम इंडिया में चयनित होकर वैभव देश के लिए चुने जाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं।
वैभव ने इस उपलब्धि के साथ शेफाली वर्मा और महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गजों के रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं। चयन के समय सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड अब उनके नाम दर्ज हो चुका है। इतना ही नहीं, अगर उन्हें आगामी दौरे या एशियन गेम्स में एक भी मैच खेलने का मौका मिलता है, तो वे भारत के लिए डेब्यू करने वाले सबसे युवा क्रिकेटर भी बन जाएंगे।
इधर भारतीय टी-20 टीम में बड़ा बदलाव करते हुए श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाया गया है, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तानी सौंपी गई है। लेकिन इस पूरे चयन में सबसे ज्यादा चर्चा जिस नाम की हो रही है, वह है वैभव सूर्यवंशी। क्रिकेट जगत की नजर अब इस युवा खिलाड़ी पर टिकी है, जो कम उम्र में बड़े सपनों को सच करने की दहलीज पर खड़ा है।







