महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से सरकारी आश्रम स्कूल में बच्चों के साथ की गई कथित सख्ती का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। चिमूर तालुका के जंभुलघाट स्थित सरकारी सेकेंडरी आश्रम स्कूल में 82 छात्रों के आधे बाल काट दिए गए। घटना सामने आने के बाद अभिभावकों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह आश्रम स्कूल में बच्चों के बाल काटे जा रहे थे। इसी दौरान कुछ छात्र खेल रहे थे। बताया जा रहा है कि बच्चों के खेलने से स्कूल के सुपरिटेंडेंट प्रशांत मेश्राम नाराज हो गए। आरोप है कि गुस्से में उन्होंने 82 बच्चों के आधे बाल कटवा दिए।
बच्चों के सिर का एक हिस्सा मुंडा हुआ और दूसरा हिस्सा बालों के साथ छोड़ दिया गया। इस तरह की कार्रवाई से बच्चे और उनके परिवार सकते में आ गए। रविवार को जब मामले की जानकारी अभिभावकों तक पहुंची, तो उन्होंने नाराजगी जताई और स्कूल प्रबंधन से जवाब मांगा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल के प्रिंसिपल प्रशांत गिरी ने सुपरिटेंडेंट प्रशांत मेश्राम को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अब पूरे मामले में यह सवाल उठ रहा है कि बच्चों के अनुशासन के नाम पर इस तरह की कार्रवाई आखिर क्यों की गई?
फिलहाल स्कूल प्रबंधन की ओर से मामले की जांच और संबंधित अधिकारी से जवाब मांगा गया है। अभिभावक भी दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और बच्चों के साथ इस कथित व्यवहार पर प्रशासन क्या कदम उठाता है।





