तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बने TVK प्रमुख विजय की सरकार गठन की कोशिशों पर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है। शुक्रवार को विजय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर तीसरी बार सरकार बनाने का दावा पेश किया, लेकिन उनके पास केवल 116 विधायकों का समर्थन पत्र ही प्रस्तुत किया गया।
रिपोर्ट्स के अनुसार, बहुमत के लिए आवश्यक आंकड़ा पूरा न होने के चलते आज प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह को फिलहाल रद्द कर दिया गया है। विजय ने राज्यपाल को TVK, कांग्रेस, CPI और CPI(M) के विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा, जबकि IUML और VCK की ओर से अभी तक औपचारिक समर्थन नहीं मिला है। इन दोनों दलों के पास कुल 4 विधायक हैं, जिनके जुड़ने के बाद ही विजय को बहुमत मिल सकता है।
तीसरी कोशिश भी अधूरी, बहुमत का गणित अब भी अधर में
यह तीसरा मौका था जब विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया। इससे पहले उन्होंने 6 और 7 मई को भी राज्यपाल से मुलाकात की थी, लेकिन हर बार बहुमत साबित न कर पाने के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।
राज्यपाल ने स्पष्ट किया है कि जब तक 118 विधायकों का स्पष्ट समर्थन नहीं मिलता, तब तक सरकार गठन के लिए औपचारिक आमंत्रण देना संभव नहीं होगा। इस स्थिति ने तमिलनाडु की राजनीति में सस्पेंस और बढ़ा दिया है, और सभी की नजरें अब अगली राजनीतिक हलचल पर टिकी हैं।







