कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए भीषण ड्रोन और मिसाइल हमले ने उज्जैन के एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। हमले में उज्जैन की राज रॉयल कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय मंजूर अहमद की दर्दनाक मौत हो गई। बुधवार सुबह हुए इस हमले में 63 अन्य लोग घायल हुए हैं, जबकि एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 को भारी नुकसान पहुंचा है।
मंजूर अहमद पिछले कई वर्षों से कुवैत में काम कर रहे थे और 8 जून को अपने भांजे की शादी में शामिल होने भारत आने वाले थे। परिवार उनकी अगवानी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन इससे पहले ही उनकी मौत की खबर घर पहुंच गई। बेटे मोहम्मद अनस के मुताबिक मंगलवार शाम को पिता से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। उन्होंने बताया था कि वे कुवैत से मुंबई पहुंचेंगे और वहां से ट्रेन के जरिए नागदा आएंगे, जहां परिवार उन्हें लेने जाने वाला था।
जैसे ही मंजूर अहमद के निधन की सूचना उज्जैन पहुंची, उनके घर पर रिश्तेदारों और परिचितों का जमावड़ा लग गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में शादी की खुशियों का इंतजार था, वहां अब सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है। यह घटना एक बार फिर विदेशों में काम कर रहे भारतीयों की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर रही है।







