मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए आज का दिन बेहद खास होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज उमरिया जिले के गुरुवाही गांव से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 41वीं किस्त जारी करेंगे। इस किस्त के तहत प्रदेश की करीब 1 करोड़ 25 लाख पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से 1500-1500 रुपए ट्रांसफर किए जाएंगे। यानी लाखों महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलने वाली है, जिसका इंतजार लाभार्थियों को था।
सरकार की इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें अपनी जरूरतों के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है। खाते में आने वाली यह राशि महिलाओं को घरेलू खर्च, बच्चों की जरूरतों और अन्य आवश्यक कामों में मददगार साबित हो सकती है।
लाड़ली बहना योजना की किस्त जारी करने के साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश को विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। कार्यक्रम के दौरान कुल 144 करोड़ 15 लाख रुपए की लागत के 136 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा। इससे क्षेत्र में विकास को गति देने और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर रहेगा।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जारी कार्यक्रम के मुताबिक, डॉ. मोहन यादव सुबह 11 बजकर 50 मिनट पर भोपाल के स्टेट हैंगर से विमान के जरिए रवाना होंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजकर 25 मिनट पर जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से आगे की यात्रा करते हुए मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजकर 10 मिनट पर गुरुवाही हेलीपैड पहुंचेंगे।
इस कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना की किस्त जारी करने के साथ विकास कार्यों पर भी विशेष फोकस रहेगा। अब लाभार्थी महिलाओं की नजर अपने बैंक खातों में आने वाली राशि पर रहेगी।
मध्य प्रदेश की राजनीति और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी ऐसी ही बड़ी खबरों के लिए देखते रहिए हमारी न्यूज़ अपडेट।





