इंदौर के मल्हारगंज इलाके में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने नशे की हालत में अपने ही पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल पिता रमेश कुमार नीमा, निवासी प्रजापतपुरा कुम्हार मोहल्ला, को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।
घटना बुधवार-गुरुवार की देर रात की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस यूनिक अस्पताल पहुंची और घायल रमेश कुमार के बयान दर्ज किए। रमेश ने बताया कि उनका बेटा जयंत उर्फ मोनू शराब के नशे में घर आया और आते ही गाली-गलौज करने लगा। जब परिवार ने उसे शांत करने की कोशिश की तो उसने अचानक पिता की गर्दन और गले पर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान घर में मौजूद बेटियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह पिता की जान बचाई और उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
हमले में रमेश कुमार को गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक खून बहने के कारण उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर करना पड़ा, जहां उनकी गले और गाल की सर्जरी की गई। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी बेटा पहले भी शराब के नशे में विवाद करता रहा है और अब उनकी जान को खतरा बना हुआ है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी जयंत उर्फ मोनू को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।







