इन्फ्लुएंसर और पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट तान्या मित्तल का एक बयान इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। तान्या ने साफ कहा है कि उन्हें किसी अमीर पति की तलाश नहीं है, बल्कि वह खुद इतनी सफल और आर्थिक रूप से सक्षम बनना चाहती हैं कि अपने पार्टनर की हर जरूरत को पूरा कर सकें।
एक इंटरव्यू में तान्या ने कहा कि प्यार उनके लिए पैसों से कहीं ज्यादा मायने रखता है। उनका मानना है कि रिश्ते में सच्चा साथ और भरोसा सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि अगर उनके पति के पास कुछ भी न हो, तब भी उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा, क्योंकि वह खुद अपने दम पर मजबूत बनना चाहती हैं।
तान्या ने अपनी सोच को और स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका सपना है कि उनका पार्टनर रोज सुबह उठकर उनसे 10 से 15 लाख रुपए मांगे और उनके पास इतनी क्षमता हो कि वह बिना किसी परेशानी के यह रकम दे सकें। उन्होंने कहा कि वह ऐसी पत्नी या गर्लफ्रेंड बनना चाहती हैं जो अपने साथी के लिए हर परिस्थिति में सबसे बड़ी ताकत बनकर खड़ी रहे।
तान्या मित्तल का यह बयान पारंपरिक सोच से अलग माना जा रहा है, जहां अक्सर लड़कियों के लिए आर्थिक रूप से मजबूत जीवनसाथी की चर्चा होती है। लेकिन तान्या ने अपनी सफलता और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता देते हुए एक नया नजरिया पेश किया है, जिसकी सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा हो रही है।







