पीथमपुर में एक नवविवाहिता नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान भोपाल के मंडीदीप निवासी पूनम प्रजापत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पूनम ने प्रेम विवाह किया था और शादी के कुछ समय बाद ही उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात पूनम को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। लेकिन पत्नी की मौत की खबर मिलते ही उसका पति अस्पताल में शव छोड़कर मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में भी हड़कंप मच गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए मृतका की पहचान की। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि पूनम मंडीदीप की रहने वाली थी और नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। उसकी शादी लव मैरिज बताई जा रही है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर ऐसी क्या परिस्थिति बनी कि पूनम की जान चली गई और उसका पति शव को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया? मृतका के परिजनों ने मामले में हत्या का आरोप लगाया है और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
अब पुलिस पति की तलाश के साथ-साथ पूनम की मौत के कारणों की पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि यह मौत हादसा थी, आत्महत्या थी या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश थी।
फिलहाल, नवविवाहिता की संदिग्ध मौत और पति के अचानक फरार होने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है।







