मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से एक दर्दनाक रेल हादसे की खबर सामने आई है, जहां रेलवे क्रॉसिंग पर मालगाड़ी और पिकअप वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मालगाड़ी पिकअप को करीब 100 मीटर तक घसीटती ले गई। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए।
यह हादसा चचाई थाना क्षेत्र में गुरुवार रात करीब 11 बजकर 30 मिनट पर हुआ। जानकारी के मुताबिक, चकैठी गांव निवासी 26 वर्षीय रवि वर्मा अपने साथियों के साथ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के कार्यक्रम में शामिल होने गया था। विसर्जन के बाद सभी लोग पिकअप वाहन में डीजे का सामान लेकर वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान पिकअप रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंची, जहां चचाई पावर प्लांट से संगमा खदान की ओर जा रही एक खाली मालगाड़ी से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद पिकअप मालगाड़ी के साथ करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इस दुर्घटना में रवि वर्मा की जान चली गई, जबकि पिकअप में सवार छह अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
इस हादसे के बाद रेलवे क्रॉसिंग की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सामने आई जानकारी के अनुसार, घटनास्थल पर न तो रेलवे फाटक था और न ही गेटमैन तैनात था। ऐसे में सवाल उठता है कि रात के समय इस क्रॉसिंग से गुजरने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए थे?
फिलहाल, इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन ली हैं। जिस परिवार का बेटा दुर्गा विसर्जन के बाद घर लौट रहा था, वहां अब मातम पसरा है।
अनूपपुर के इस हादसे ने एक बार फिर रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा इंतजामों और लोगों की जान की हिफाजत को लेकर चिंता बढ़ा दी है।





