मध्य प्रदेश के गुना शहर में रविवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब बड़े पुल के पास चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार इंदौर का एक परिवार ओरछा से दर्शन कर लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार, इंदौर निवासी अंशुल मांडलिक अपने परिवार के साथ ओरछा स्थित राम राजा मंदिर में दर्शन करने गए थे। वापसी के दौरान जैसे ही उनकी कार गुना के बड़े पुल के पास पहुंची, अचानक वाहन से धुआं उठने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोकी और सभी को बाहर निकाल लिया। कुछ ही पलों में कार ने भीषण आग पकड़ ली और आग का गोला बन गई।
जाम बना बाधा, आधे घंटे देरी से पहुंची फायर ब्रिगेड
हादसे के समय कार में तीन महिलाएं और दो बच्चे भी सवार थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहगीरों की मदद से फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन सड़क के दोनों ओर भारी जाम लग जाने के कारण दमकल वाहन को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब आधा घंटा लग गया।
जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। बताया जा रहा है कि वाहन में सीएनजी किट लगी हुई थी, जिससे आग तेजी से भड़क गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लापरवाही और ट्रैफिक जाम ने आपातकालीन सेवाओं की चुनौती को एक बार फिर उजागर कर दिया।







