एक समय रिकॉर्ड ऊंचाई छूने वाला सोना और चांदी अब लगातार फिसलते नजर आ रहे हैं। 27 मई को सर्राफा बाजार में फिर बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन यानी IBJA के मुताबिक, 24 कैरेट सोना 571 रुपए टूटकर 10 ग्राम के लिए 1 लाख 57 हजार रुपए पर पहुंच गया है। वहीं चांदी ने तो निवेशकों की चिंता और बढ़ा दी है। सिर्फ दो दिनों में चांदी 9 हजार रुपए तक सस्ती हो चुकी है और अब इसकी कीमत 2 लाख 62 हजार रुपए प्रति किलो रह गई है।
साल की शुरुआत में सोने और चांदी ने जबरदस्त तेजी दिखाई थी। 29 जनवरी 2026 को सोना 1 लाख 76 हजार रुपए के ऑलटाइम हाई पर पहुंच गया था, लेकिन अब यह अपने रिकॉर्ड स्तर से करीब 19 हजार रुपए नीचे आ चुका है। दूसरी तरफ चांदी में और बड़ा झटका देखने को मिला है। 3 लाख 86 हजार रुपए तक पहुंचने वाली चांदी अब 1 लाख 24 हजार रुपए टूट चुकी है। विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक बाजार में मुनाफावसूली, डॉलर की मजबूती और अंतरराष्ट्रीय आर्थिक दबावों के कारण बुलियन मार्केट में यह भारी गिरावट देखने को मिल रही है।







