इंदौर से एक बार फिर ऐसा मामला सामने आया है जिसने रिश्तों, भरोसे और प्यार के नाम पर हो रहे खेल पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक 31 साल की युवती ने अपने ही दोस्त पर रेप का मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि युवक ने पहले प्यार का जाल बिछाया, शादी के सपने दिखाए, साथ रहने का भरोसा दिलाया और जब मन भर गया तो साफ मुकर गया।
पुलिस के मुताबिक युवती की शिकायत पर कपिल पुत्र देवेंद्र गलफट, निवासी ग्राम सिरडी जिला बैतूल के खिलाफ रेप का केस दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पीड़िता ने बताया कि उसने एमएससी नर्सिंग की पढ़ाई की है और साल 2024 में पढ़ाई के दौरान उसकी कपिल से पहचान हुई थी। पहचान धीरे-धीरे दोस्ती में बदली और दोस्ती प्यार में। लेकिन यहां से शुरू हुआ वो खेल, जिसे सुनकर कोई भी गुस्से से भर जाए।
युवती का आरोप है कि कपिल ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए और दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। लड़की को भरोसा था कि यह रिश्ता शादी तक जाएगा। लेकिन कहानी का असली चेहरा तब सामने आया जब कपिल ने अचानक शादी से ही इनकार कर दिया।
अब सवाल ये है कि अगर शादी का इरादा नहीं था तो फिर सपने क्यों दिखाए गए? भरोसा क्यों जीता गया? और किसी की जिंदगी और भावनाओं के साथ ऐसा खिलवाड़ करने का हक आखिर किसने दिया?
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है। लेकिन यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि प्यार के नाम पर भरोसे का सौदा करने वाले चेहरे समाज में खुलेआम घूम रहे हैं — और जब सच सामने आता है तो पीछे रह जाता है सिर्फ टूटे भरोसे का दर्द और एक लंबी कानूनी लड़ाई।







