मध्य-पूर्व के सबसे संवेदनशील समुद्री मार्ग होर्मुज स्ट्रेट में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। ईरान की इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड यानी IRGC ने भारत की ओर आ रहे एक कंटेनर जहाज को रोककर अपने कब्जे में ले लिया है। लाइबेरिया के झंडे वाला ‘एपामिनोडेस’ नाम का यह जहाज गुजरात के मुंद्रा पोर्ट की ओर बढ़ रहा था।
ईरानी अधिकारियों का दावा है कि जहाज बिना अनुमति स्ट्रेट से गुजरने की कोशिश कर रहा था और उसके नेविगेशन सिस्टम में छेड़छाड़ की गई थी, जिससे समुद्री सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ। कार्रवाई के दौरान IRGC ने जहाज को रोककर उसे ईरानी तट की ओर मोड़ दिया। इस घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
एक और जहाज जब्त, तीसरे पर हमला बढ़ता जा रहा समुद्री संकट
इस घटना के साथ ही ईरान ने ‘फ्रांसेस्का’ नाम के एक और जहाज को भी कब्जे में लिया है, जिसे इजराइल से जुड़ा बताया जा रहा है। वहीं ‘यूफोरिया’ नाम के एक अन्य जहाज पर हमले की खबर सामने आई है, जिससे क्षेत्र में खतरे की स्थिति और गंभीर हो गई है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में एक जहाज पर फायरिंग की घटना हुई थी, जबकि दूसरा जहाज ओमान के तट के पास हमले में क्षतिग्रस्त हो गया था। लगातार बढ़ रही इन घटनाओं ने वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर असर पड़ने की आशंका को जन्म दे दिया है। अब सभी की नजरें इस पर टिकी हैं कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस बढ़ते तनाव को कैसे संभालता है।







