इंदौर के थाना जूनी क्षेत्र में पतंग के धारदार मांझे से गंभीर रूप से घायल एक कबूतर की जान पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता से बच गई। सड़क पर तड़पते कबूतर को देखकर थाना जूनी के सब इंस्पेक्टर सतीश गर्ग, एएसआई मानसिंह गुर्जर और आरक्षक अमरीश जाट ने बिना समय गंवाए उसे सुरक्षित उठाया और तत्काल उपचार की व्यवस्था कराई।
कबूतर के पंख और गर्दन में मांझे से गहरे घाव हो गए थे, जिससे उसकी उड़ान थम गई थी। प्राथमिक उपचार और सतत देखभाल के बाद कबूतर की हालत में तेजी से सुधार हुआ। कुछ ही समय में वह फिर से अपने पंख फैलाने में सफल रहा और खुले आसमान में उड़ गया।
इस मानवीय पहल ने यह साबित कर दिया कि पुलिस केवल कानून की रक्षक ही नहीं, बल्कि हर जीव की संरक्षक भी है। थाना जूनी की टीम का यह प्रयास न सिर्फ सराहनीय है, बल्कि समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश भी देता है कि थोड़ी सी संवेदनशीलता किसी की ज़िंदगी बचा सकती है।







