डॉ. मोहन यादव आज रात 9 बजे सोशल मीडिया के जरिए प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा कर सकते हैं। माना जा रहा है कि अपने संबोधन में मुख्यमंत्री महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से बात करेंगे और केंद्र की नीतियों को प्रदेश की जनता के सामने रखेंगे।
सूत्रों के अनुसार, सीएम अपने भाषण में संसद में पेश हुए महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक के संदर्भ में भी चर्चा करेंगे। हाल ही में हुए विशेष सत्र के दौरान इस विधेयक पर हुई राजनीतिक स्थिति और उसके परिणामों को भी वे जनता के सामने स्पष्ट कर सकते हैं।
बीजेपी-कांग्रेस के फैसलों का करेंगे तुलनात्मक विश्लेषण, विधानसभा सत्र पर भी नजर
मुख्यमंत्री अपने संबोधन में भारतीय जनता पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के महिला हितों से जुड़े फैसलों का अंतर भी उजागर कर सकते हैं। इसके साथ ही वे विपक्षी दलों के रुख पर भी टिप्पणी कर सकते हैं, खासतौर पर संसद में विधेयक के विरोध को लेकर।
इसी बीच, 27 अप्रैल को मध्यप्रदेश विधानसभा का विशेष सत्र भी बुलाया गया है, जिसमें नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर चर्चा होने की संभावना है। यह सत्र राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री प्रदेश में गेहूं खरीदी को लेकर भी अपनी बात रख सकते हैं। सरकार द्वारा गेहूं खरीदी का लक्ष्य 78 लाख मीट्रिक टन से बढ़ाकर 100 लाख मीट्रिक टन करने के फैसले पर विपक्ष सवाल उठा रहा है, जिसका जवाब भी सीएम अपने संबोधन में दे सकते हैं।







