हरदा जिले के टिमरनी थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां गंजालेश्वर आश्रम से पांच गोवंशीय पशुओं की चोरी कर उन्हें बेरहमी से रेलवे ट्रैक पर बांध दिया गया। यह घटना शनिवार रात की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
रविवार सुबह छिदगांव मेल के पास रेलवे ट्रैक के किनारे इन मवेशियों के शव मिलने से घटना का खुलासा हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अज्ञात बदमाशों ने पहले आश्रम से पशुओं को चुराया और फिर उन्हें रस्सियों से ट्रैक पर बांध दिया, जिससे वे ट्रेन की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
टिमरनी थाना प्रभारी मुकेश गौड़ ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और संभावित सुराग जुटाने में लगी हुई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा गया। कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि यह न सिर्फ एक आपराधिक कृत्य है बल्कि सामाजिक और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला मामला भी है।
फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया है। इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।







