पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में सोमवार को उस समय तनाव फैल गया, जब टीएमसी सांसद मिताली बाग की कार पर कथित तौर पर हमला कर दिया गया। यह घटना गोगहाट इलाके में उस वक्त हुई, जब वह आरामबाग में आयोजित रोड शो में शामिल होने जा रही थीं, जिसमें Abhishek Banerjee भी शामिल होने वाले थे।
हमले के दौरान अज्ञात लोगों ने उनकी कार पर पत्थर बरसाए, जिससे वाहन के शीशे टूट गए। इस घटना में मिताली बाग और उनके ड्राइवर को चोटें आई हैं। दोनों को तुरंत आरामबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद सामने आए वीडियो में सांसद भावुक होकर रोती नजर आईं। उन्होंने कहा कि उन पर बड़े पत्थरों से हमला किया गया और वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकल सकीं।
घटना के बाद तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि यह हमला भाजपा समर्थकों द्वारा किया गया है। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी करते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah की कथित चेतावनी के बाद इस तरह की हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं।
वहीं पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान सिंतु संत्रा, सनातन संत्रा और राजकुमार रॉय के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि ये तीनों भाजपा से जुड़े कार्यकर्ता हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।







