राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है, जहां ममता ने ही अपनी मर्यादा का सौदा कर दिया। एक कलयुगी मां और सौतेले पिता ने मिलकर अपनी ही 12 साल की मासूम बेटी को महज 12 लाख रुपए के लालच में बेच दिया। सौदा भी बकायदा किस्तों में हुआ, जिसमें 8 लाख रुपए नगद और 4 लाख रुपए के जेवरात शामिल थे।
इस घिनौने सौदे के बाद चंद रुपयों के लिए उस मासूम बच्ची की शादी जबरन एक 26 साल के युवक से कर दी गई। इतना ही नहीं, इस हैवानियत की शिकार हुई पीड़िता के साथ तीन दरिंदों ने बार-बार सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है, जबकि वारदात का मुख्य मास्टरमाइंड अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक इस दर्दनाक दास्तान की शुरुआत जनवरी 2025 में हुई थी, जब अत्यधिक शराब पीने की वजह से पीड़िता के सगे पिता की मौत हो गई। पिता के साए के उठते ही परिवार पूरी तरह बिखर गया। बेसहारा होने के बाद लड़की की मां ने गुना जिले के रहने वाले पवन उर्फ परमाल गुर्जर नाम के शख्स से दूसरी शादी कर ली। लेकिन मां का यह फैसला उसकी मासूम बेटी के लिए नरक का रास्ता खोल देगा, यह किसी ने नहीं सोचा था।
शादी के बाद पवन अपनी नई पत्नी और उसकी 12 साल की बेटी को लेकर राजगढ़ आ गया। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि राजगढ़ आते ही सौतेले पिता और मां ने मिलकर बच्ची की सौदेबाजी शुरू कर दी। महज कुछ ही दिनों के भीतर, यानी 3 फरवरी 2025 को इन कलयुगी माता-पिता ने मासूम को 26 वर्षीय भोला उर्फ भोलाराम गुर्जर के हाथों बेचकर उसकी जबरन शादी करा दी। पुलिस ने साफ किया है कि यह सीधे तौर पर मानव तस्करी और मासूम के बचपन को बेचने का संगीन मामला है, जिसमें शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।







