मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह दर्दनाक हादसा नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर आंचलखेड़ा गांव के पास रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि एक टवेरा वाहन और अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि टवेरा वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 5 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में 7 अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतक और घायल सभी महेंद्रवाड़ी और माखननगर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। ये सभी बुधनी में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, जो आज नर्मदापुरम में किया जाएगा। हादसे के कारणों की जांच जारी है।
फिलहाल पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।







