देवास के बागली-चापड़ा मार्ग पर रविवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवती 150 फीट से ज्यादा ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती काफी ऊंचाई पर जाकर बैठ गई और नीचे आने से इनकार कर दिया।
मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। युवती ने कहा कि उसने अपनी पसंद से प्रेम विवाह किया है, लेकिन परिवार उसे अपने पति के साथ रहने नहीं दे रहा। युवती का कहना था कि अगर उसे पति के साथ रहने की अनुमति नहीं मिली, तो वह टावर से कूद जाएगी।
करीब दो घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान युवती ने अपनी परेशानी लिखी हुई कई चिट्ठियां नीचे फेंकीं। बताया गया कि उसने करीब 7 से 8 चिट्ठियों में अपनी बात लिखी थी।
चिट्ठियों में युवती ने बताया कि वह एक युवक से प्यार करती है और दोनों ने कोर्ट मैरिज की है। युवती के मुताबिक परिवार इस शादी को स्वीकार नहीं कर रहा और उसे घर से भी निकाल दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार समझाइश दी गई। काफी प्रयासों के बाद स्थानीय विधायक ने भी युवती से बातचीत की और उसे भरोसा दिलाया कि उसकी बात सुनी जाएगी।
लगातार समझाइश के बाद आखिरकार युवती टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई। उसके सुरक्षित नीचे आते ही पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
फिलहाल पूरे मामले में युवती की शिकायत, उसके कथित कोर्ट मैरिज और पारिवारिक विवाद को लेकर संबंधित पक्षों से जानकारी ली जा रही है। घटना ने एक बार फिर पारिवारिक दबाव और प्रेम विवाह से जुड़े विवादों को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।




