मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) में सोमवार सुबह एक 30 वर्षीय प्रसूता की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा देखने को मिला। मृतका के परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि गलत इंजेक्शन लगाने और समय पर इलाज न मिलने के कारण महिला की जान गई।
परिजनों के अनुसार, संध्या को रविवार शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती के बाद करीब दो घंटे तक महिला दर्द से तड़पती रही, लेकिन किसी ने समुचित उपचार नहीं किया। देर रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ ने एक इंजेक्शन लगाया। परिजनों का दावा है कि इंजेक्शन लगने के बाद उसकी हालत और खराब हो गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए और प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस ने समझाइश देकर परिजनों को शांत कराया।
फिलहाल, मृतका के परिजन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं, अस्पताल प्रबंधन की ओर से अब तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।







