सतना जिले के मझगवां थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा हुआ है। जानकारी के अनुसार, प्रेम प्रसंग में बाधक बने पति की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। घटना को छुपाने के लिए उन्होंने शव को जंगल में महुआ के पेड़ से लटका कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
5 मार्च को ग्राम मोटवा निवासी विनोद कुमार सतनामी ने सूचना दी कि मोटवा जंगल में लखटकिया साकेत के पास महुआ के पेड़ पर एक व्यक्ति का शव फांसी पर लटका हुआ है। पुलिस ने मर्ग क्रमांक 10/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शव की पहचान ग्राम किटहा निवासी राजाभइया डोहर (45) के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में पत्नी रामबाई डोहर और उसके प्रेमी बाबूलाल चौधरी ने हत्या की साजिश कबूल की। जांच में सामने आया कि उन्होंने योजना बनाकर राजाभइया को शराब पिलाई और गला दबाकर हत्या की। बाद में हत्या को आत्महत्या के रूप में छुपाने के लिए शव को महुआ के पेड़ से लटका दिया।
अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, शराब के खाली क्वार्टर, हरे मटर का रैपर और मृतक की चप्पल पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जब्त की। दोनों आरोपियों को 9 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।







