उमंग सिंघार का आरोप: सरकार के निकम्मेपन से बिगड़े हालात
इंदौर में दूषित पानी का मुद्दा एक बार फिर सियासी और जनस्वास्थ्य के केंद्र में आ गया है। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आज इंदौर के मदीना नगर क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नलों से आ रहे गंदे पानी को देखकर उन्होंने मौके पर ही पानी के सैंपल लिए और स्वयं प्राथमिक जांच की।
जांच में सामने आया कि मदीना नगर ही नहीं, बल्कि इंदौर के कई इलाकों में अब भी दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। उमंग सिंघार ने इसे सीधे तौर पर सरकार और नगर प्रशासन की विफलता बताया। उन्होंने कहा कि बार-बार शिकायतों और मौतों के बाद भी यदि लोगों को साफ पानी नहीं मिल पा रहा, तो यह गंभीर लापरवाही का प्रमाण है।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार जमीनी सच्चाई छुपाने में लगी है, इसी कारण उन्हें खुद इंदौर में “वाटर ऑडिट” शुरू करना पड़ा। इस ऑडिट के दौरान लगातार दूषित पानी की शिकायतें सामने आ रही हैं, जो प्रशासन के दावों की पोल खोलती हैं।
उमंग सिंघार ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई, तो यह संकट और भयावह रूप ले सकता है। उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई, प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत साफ पानी की आपूर्ति और पूरे शहर में पारदर्शी जल जांच की मांग की।







