मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के दामजीपुरा गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक पशु से दुष्कर्म का वीडियो सामने आने के बाद आक्रोश फूट पड़ा। वीडियो के सामने आते ही हिंदूवादी संगठनों और ग्रामीणों में जबरदस्त गुस्सा देखने को मिला। हालात इतने बिगड़ गए कि उग्र भीड़ ने दो दुकानों को आग के हवाले कर दिया। इनमें से एक दुकान आरोपी की बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
सूत्रों के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 10 बजे जैसे ही वीडियो की जानकारी फैली, लोग सड़कों पर उतर आए। सबसे पहले आरोपी की दुकान को निशाना बनाया गया, जहां आगजनी की गई। इसके बाद पास की एक अन्य दुकान में भी तोड़फोड़ कर उसे जला दिया गया। आग की लपटों और धुएं के बीच गांव में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की खबर फैलते ही हिंदू संगठनों का गुस्सा और तेज हो गया। आसपास के जिलों से भी लोग दामजीपुरा पहुंचने लगे, जिससे हालात और संवेदनशील हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। एसपी वीरेंद्र जैन और प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन मौके के लिए रवाना हुए।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भैंसदेही, चिचोली और मोहदा थानों का पुलिस बल गांव में तैनात किया गया है। पुलिस लाइन से वज्र वाहन और अतिरिक्त बल सुबह 11.45 बजे रवाना हुआ, जो दोपहर करीब 1.35 बजे गांव पहुंचा। पुलिस ने भीड़ को हटाकर हालात को काबू में लेने की कोशिश की। इस बीच आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
फिलहाल गांव में पुलिस का कड़ा पहरा है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी तरह की अफवाह या हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।







