मध्य प्रदेश के उज्जैन के रहने वाले छात्र गुरकीरत सिंह मनोचा की कनाडा में कार से कुचलकर हत्या किए जाने के बाद अब परिवार के सामने एक नई और बड़ी आर्थिक चुनौती खड़ी हो गई है। परिजनों का कहना है कि गुरकीरत का शव भारत लाने के लिए कनाडा में भारी रकम जमा कराने की शर्त रखी गई है, जिसे जुटाना उनके लिए बेहद मुश्किल हो रहा है।
परिवार के मुताबिक कनाडा की प्रक्रिया के तहत शव सौंपने से पहले करीब 40 हजार डॉलर यानी लगभग 35 लाख रुपए जमा कराने को कहा गया है। इसके अलावा शव को कनाडा से उज्जैन लाने के लिए करीब 10 लाख रुपए का अतिरिक्त खर्च भी आएगा। इस तरह पूरे मामले में करीब 45 लाख रुपए तक का खर्च होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
परिजनों ने बताया कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के कारण अस्पताल प्रशासन ने भी साफ कर दिया है कि शव करीब 15 दिन बाद ही सौंपा जाएगा। इस लंबी प्रक्रिया और भारी खर्च ने परिवार की चिंता और बढ़ा दी है।
गुरकीरत सिंह मनोचा के परिवार ने केंद्र सरकार, मध्य प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन से आर्थिक मदद की अपील की है ताकि जल्द से जल्द बेटे का शव भारत लाकर अंतिम संस्कार किया जा सके।
परिवार और स्थानीय लोगों का कहना है कि विदेश में पढ़ाई के लिए गए छात्र के साथ हुई इस दुखद घटना के बाद सरकार को मानवीय आधार पर मदद करनी चाहिए, ताकि परिवार को इस मुश्किल समय में सहारा मिल सके।







